बिहार के जमुई जिले के नक्सल प्रभावित सोनो प्रखंड में पंचायत चुनाव कराने जा रहे चुनावकर्मियों और सुरक्षाबल के दस्ते पर नक्सली हमले में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चरखा पत्थर पुलिस चौकी के मरियम पहाड़ी गांव स्थित मिशन प्राथमिक विद्यालय में मतदान केन्द्र संख्या 31 पर मतदान कराने जा रहे चुनावकर्मियों और सुरक्षा बलों का ट्रैक्टर बारुदी सुरंग की चपेट में आ गया। इस घटना में दो लोगों की वहीं मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने एक पुलिया के नीचे बारुदी सुरंग लगाया था। घायलों का इलाज सोनो सरकारी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि सीआरपीएफ और एसटीएफ जवानों को घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। आस-पास के इलाके को घेर लिया गया है और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ जारी है।
पंचायत चुनाव के तहत अब तक संपन्न आठ चरण के मतदान के बाद चुनाव के दौरान यह सबसे बड़ा नक्सल हमला है। राज्य निर्वाचण आयोग सूत्रों ने बताया कि नौवें चरण में 29 जिलों के 46 प्रखंडों में ग्राम पंचायत मुखिया, ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम कचहरी सरपंच, ग्राम कचहरी पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के कुल 21,640 पदों के निर्वाचन के लिए वोट डाले जा रहे हैं। नौवें चरण में चालीस लाख से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें