
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि भारत के प्रति पाकिस्तान का दुराग्रह एक भूल है। इस वजह से भारत उसे हमेशा अपने वजूद के लिए खतरा लगता है। उन्होंने कहा कि अगर पाक इस सोच से परे हटकर काम करे तो वह बहुत अच्छा करेगा।
अपनी ब्रिटेन यात्रा से पहले ओबामा ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि उनका और ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन का मानना है कि पाकिस्तान भारत के प्रति बहुत हद तक गलत जिद पकड़े हुए है। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहता है कि पाकिस्तान इस बात को महसूस करे कि उसके लिए सबसे बड़ा खतरा बाहर से नहीं बल्कि उसके ' घर के भीतर ' ही है। भारत और पाकिस्तान के बीच शांति से पाकिस्तान का बहुत भला होगा।
उन्होंने कहा कि हर मुद्दे को भारत से जोड़कर देखने की मनोवृति पाकिस्तान को छोड़नी चाहिए। ऐसा करके वह पूर्ण आर्थिक समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ सकेगा। ओबामा ने कहा कि अमेरिका वर्तमान में भारत के प्रति पाकिस्तान के रवैये को बदलने की कोशिश में लगा हुआ है और वह यह बताना चाहता है कि मुख्य खतरा पाकिस्तान की धरती से सक्रिय आतंकवादी संगठनों से है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें