रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के खूंखार आतंकवादियों में शुमार और तालिबान का मुखिया मुल्ला उमर मारा गया है। अफगानिस्तानी मीडिया के मुताबिक, दो दिन पहले क्वेटा से उत्तरी वजीरिस्तान जाते वक्त मुल्ला उमर को मारा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने मुल्ला उमर के मारे जाने की पुष्टि कर दी है, लेकिन रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि उसे किसने मारा है। तालिबान ने मुल्ला उमर की मौत की खबर को बेबुनियाद बताया है।
अफगान चैनल तोलो न्यूज ने अफगान सुरक्षा निदेशालय के एक सूत्र के हवाले से मुल्ला उमर के मारे जाने का दावा किया है। चैनल के अनुसार एक आंख वाले मुल्ला उमर को आईएसआई के पूर्व प्रमुख जनरल हामिद गुल क्वेटा से उत्तरी वजीरिस्तान ले जा रहे थे। इसी दौरान उमर को गोली मार दी गई। ऐबटाबाद में ओसामा बिन लादेन को मार गिराए जाने के बाद से ही पाकिस्तान सरकार और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई काफी दबाव में थी। माना जा रहा था कि आईएसआई कुछ कर दिखाने के दबाव में मुल्ला उमर पर गाज गिरा सकती है। पाकिस्तानी मीडिया ने पिछले दिनों खबर दी थी कि मुल्ला उमर को पकड़ने के लिए जल्द ही एक व्यापक अभियान छेड़ा जाएगा।
आईएसआई को डर था कि अगर वह ऐसा नहीं करता है तो अमेरिका मुल्ला उमर को खत्म करने के लिए भी अभियान छेड़ सकता है। नाम न बताने की शर्त पर आईएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि जल्द ही क्वेटा में एक व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया जाने वाला है। उनके अनुसार मुल्ला उमर को जिंदा पकड़ने की कोशिश की जाएगी। लेकिन अगर वह विरोध करने की कोशिश करता हैं, तो उसे जान से मारा जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें