इस्लामाबाद में भारत पाक वार्ता. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 23 जून 2011

इस्लामाबाद में भारत पाक वार्ता.


 भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की दो दिवसीय बातचीत बृहस्पतिवार से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरु हो रही है. दोनों देश 2008 में भारत के मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों के बाद से संबंधों को सुधारने के लिए नए सिरे से प्रयास कर रहें हैं और यह बातचीत भी उसी कोशिश का एक हिस्सा है. 

पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर और भारत की विदेश सचिव निरूपमा राव बृहस्पतिवार को मुलाक़ात करेंगे जिसके बाद दोनों देशों के बीच औपचारिक तौर पर वार्ता की शुरूआत होगी. ये बातचीत दो दिनों तक जारी रहेगी और शुक्रवार को एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि इस वार्ता में कश्मीर समस्या के अलावा शांति और सुरक्षा, एक दूसरे के बीच विश्वास की बहाली और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ाने के लिए बातचीत होगी. भारत ने कहा है कि दोनों देशों के संबंध और मज़बूत बनाने के लिए आतंकवाद समेत कई मुद्दों पर बातचीत होगी. संभव है कि भारत मुंबई हमलों से जुड़े मुद्दों को भी उठाएगा. इस संबंध में पाकिस्तान में चल रहे मुक़दमों की धीमी गति को लेकर भारत ने कई बार अपनी चिंता जताई है.

विदेश सचिव स्तर पर होने वाली इस बातचीत के बाद दोनों देशों के विदेश मंत्री भी अगले महीने भारत की राजधानी दिल्ली में बातचीत करेंगे. विदेश सचिवों की मुलाक़ात में अगले महीने विदेश मंत्रियों के बीच होने वाली बातचीत का एजेंडा भी तय किया जाएगा.  फ़रवरी में भूटान की राजधानी थिम्पू में हुए सार्क सम्मेलन के दौरान भारत की विदेश सचिव निरूपमा राव ने पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर से मुलाक़ात की थी.
उस मुलाक़ात के बाद एक बयान जारी कर कहा गया था कि दोनों विदेश सचिवों ने दोनो देशों के दरम्यान तमाम मुद्दों को बातचीत के ज़रिए सुलझाने पर सहमति जताई है.

 क्रिकेट के विश्व कप मुक़ाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए सेमी फ़ाईनल मैच को देखने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी, अपने भारतीय समकक्ष मनमोहन सिंह की दरख़ास्त पर मोहाली गए थे. मोहाली में दोनों प्रधानमंत्रियों की मुलाक़ात के दौरान भी इस बात को दोहराया गया था कि दोनों देश इस बात पर सहमत है कि सभी मुद्दों को बातचीत के ज़रिए सुलझाया जाना चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं: