हरिद्वार में अनशन के दौरान प्राण त्यागने वाले स्वामी निगमानंद के भाई सत्यम कुमार ने खुद एवं अपने परिजनों की सुरक्षा तथा अपने भाई के गुरु स्वामी शिवानंद तथा उनके सहयोगियों से जान को खतरा को लेकर दरभंगा जिले के केवटी थाना में एक सन्हा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार स्वामी निगमानंद के भाई सत्यम कुमार ने थाने में दिए गए एक लिखित पत्र में कहा है कि उनको तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों को स्वामी शिवानंद तथा उनके सहयोगियों से जान को खतरा है। उन्होंने कहा है कि शिवानंद भी दरभंगा जिले के मानीगाछी के रहने वाले हैं। उन्होंने आरोप भी लगाया है कि जब वे मेरे भाई को मार सकते हैं तो वे मेरे पूरे परिवार को भी मार सकते हैं।
दरभंगा के पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार एकले ने शनिवार को बताया कि इस मामले की पुलिस जांच कर रही है तथा पुलिस सत्यम के पूरे परिवार को सुरक्षा देगी। उल्लेखनीय है कि गंगा नदी में खनन रोकने की मांग को लेकर निगमानंद 19 फरवरी से हरिद्वार में अनशन पर थे। उनका 13 जून को देहरादून के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके कुछ समर्थकों ने उन्हें जहर देकर मारने का आरेाप लगाया है। इसके बाद उनके पूरे परिजनों ने हरिद्वार पहुंचकर उनके शव की मांग की थी परंतु उन्हें शव नहीं मिला था। एक संन्यासी का शव बताकर उसे समाधि दे दी गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें