संप्रग सरकार में फेरबदल की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री ने संकेत दिया कि वह जल्द ही इस पर विचार करेंगे. मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की संभावना के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, जब समय मिलेगा तो मैं इस पर विचार करूंगा.
संप्रग की सबसे बड़ी घटक तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारी जीत मिलने के बाद पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले इस महीने की शुरुआत में रेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुकी हैं.
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के मंत्री का पद छोड़ने के बाद प्रधानमंत्री ने रेल मंत्रालय अपने पास रखते हुए बनर्जी के पार्टी सहयोगी मुकुल राय को रेल राज्यमंत्री का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है.
सत्तारूढ़ गठबंधन में चर्चा गर्म है कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले एक पखवाड़े के भीतर मंत्रिमंडल में विस्तार और मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होगा. प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की शुरुआत में मंत्रिमंडल में मामूली फेरबदल करने के बाद कहा था कि मार्च में बजट सत्र खत्म होने के बाद ‘एक और विस्तार' होगा.
मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में इस बीच कई रिक्तियां पैदा हुई हैं.
2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन विवाद में फंसने के बाद द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता ए.राजा दूरसंचार मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके हैं.इस समय वह जेल में हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्री रहे पृथ्वीराज चव्हाण अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन चुके हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें