भाजपा ने जम्मू एवं कश्मीर में पूर्व केंद्रीय मंत्री चमन लाल गुप्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने इससे पहले गुप्ता और छह अन्य विधायकों को गत 13 अप्रैल को हुए विधानपरिषद चुनाव में क्रास वोटिंग करने के आरोप में निलम्बित किया था.नई दिल्ली में मंगलवार शाम पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में गुप्ता को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया गया. बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने की. वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे.
बैठक के बाद जारी एक बयान में कहा गया, "निलम्बित किए जाने के बाद भी चमन लाल गुप्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे. निलम्बन के बावजूद उन्होंने पार्टी के चार विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था. यह पूरी तरह अनुशासनहीनता है. इसलिए उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह सालों के लिए निष्कासित किया जाता है."
गुप्ता ने कहा, "निष्कासित किए जाने सम्बंधी कोई सूचना मेरे पास नहीं है. जब मुझे सूचना मिलेगी तभी मैं प्रतिक्रिया दूंगा." उन्होंने कहा, "पार्टी नेतृत्व को यह समझना चाहिए कि राज्य में पार्टी का मुख्य रचनाकार मैं ही हूं और मैंने ही इसे मजबूती दी है."

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें