लालू और मिश्र सहित 11 की याचिका खारिज. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 18 अगस्त 2011

लालू और मिश्र सहित 11 की याचिका खारिज.

पटना स्थित सीबीआई की एक विशेष अदालत ने चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और जगन्नाथ मिश्र सहित 11 आरोपियों की आरोपमुक्त किए जाने संबंधी याचिका गुरुवार को खारिज कर दी गई। उल्लेखनीय है कि लालू यादव और मिश्र सहित 11 आरोपियों की उक्त याचिका की पांच अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान सीबीआई अदालत के जज बी.के.जैन ने अपना आदेश सुरक्षित रखते हुए इस पर निर्णय सुनाने की तारीख 18 अगस्त निर्धारित की थी। गुरुवार को जैन ने याचिका खारिज करते करते हुए इनके खिलाफ आरोप निर्धारण के लिए अगली तारीख आगामी 29 अगस्त निर्धारित की है।

आरोपियों पर वर्ष 1995-96 के दौरान बांका और भागलपुर जिला कोषागार से फर्जी बिल के जरिए पशुपालन विभाग का 47 लाख रुपये की अवैध तरीके से निकासी करने का आरोप है। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने इस संबंध में लालू यादव और मिश्र सहित कुल 44 आरोपियों के खिलाफ 31 मार्च 2003 को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था और अदालत ने 30 अप्रैल 2003 को इस मामले पर संज्ञान लिया था।

इन आरोपियों में से छह की मौत हो चुकी है और दो सरकारी गवाह बन चुके हैं, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं। इस तरह 34 के खिलाफ अदालत में सुनवाई जारी है। इन 34 आरोपियों में से लालू यादव, जगन्नाथ मिश्र, पूर्व आरजेदी सांसद विद्या सागर निषाद, बीजेपी के पूर्व विधायक ध्रुव भगत तथा जहानाबाद संसदीय क्षेत्र से जेडीयू सांसद जगदीश शर्मा सहित 11 लोगों ने इस मामले में स्वयं को आरोपमुक्त किए जाने को लेकर सीबीआई अदालत में याचिका दायर की थी।

1 टिप्पणी:

बेनामी ने कहा…

kya lalu ya mishr k jivankal me ye sure ho jayega ki inhone ghotala kiya tha ya nahi......
aur decision kab tak ayega......