इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन में कथित गड़बड़ियों को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष शशांक मनोहर बुधवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुये। इस संदर्भ में उनसे लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ की गयी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक अधिकारी ने बताया कि आईपीएल आयोजन में गड़बड़ियों को लेकर मनोहर को समन भेजा गया था। ईडी ने इससे पहले पूर्व ऑलरांउडर रवि शास्त्री सहित आईपीएल की संचालन समिति के अन्य सदस्यों को भी समन भेजा था।
निदेशालय ने पिछले महीने बीसीसीआई और आईपीएल के पूर्व आयुक्त ललित मोदी को ब्रिटिश इवेंट मैनेजमेंट कंपनी आईएमजी के साथ 90 करोड़ रुपये के संदेहास्पद लेनदेन के संबंध में नोटिस जारी किया था।
निदेशालय आईपीएल की कई फ्रेंचाइजी टीमों पर फेमा के उल्लंघन और आईपीएल तथा बीसीसीआई पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें