रांची की तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पोलैंड के लेगनिका शहर में चल रही वर्ल्ड आर्चरी यूथ चैंपियनशिप के रिकर्व में बालिका वर्ग का खिताब जीत लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल में दीपिका ने शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की किम मिनजुंग को 6-2 से हराया। कोरियाई तीरंदाज ने पहला सेट जीतकर दो अंक अर्जित हासिल किए।
दीपिका ने लगातार तीन गेम जीतकर वापसी कर ली। इसके साथ ही दीपिका के खाते में छह अंक जुड़ गए। दीपिका का यह दूसरा विश्व खिताब है। दीपिका ने दो वर्ष पूर्व रिकर्व में कैडेट वर्ग का खिताब अपने नाम किया था। इसके अलावा कॉमनवेल्थ खेलों में भी दो स्वर्ण जीतने में सफल रही थीं।
जूनियर बालिका वर्ग की टीम स्पर्धा में दीपिका, रिमिल बिरुली व सीमा वर्मा ने जापान को 201—189 अंकों के अंतर से हराकर कांस्य अपने नाम किया। भारत के खाते में दूसरा कांस्य पदक कैडेट मिक्स्ड टीम वर्ग में जुड़ा। मैनाव नरजरी और बिनोद स्वांसी की जोड़ी ने बुल्गारिया को कड़े मुकाबले में 146 145 अंकों के अंतर से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। बालकों के जूनियर रिकर्व में अतनु दास, सोमनाथ मंडल और राजगोविंद स्वांसी की तिकड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। भारतीय टीम को कोरिया के हाथों पराजय मिली।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें