
बिहार में सीवान के जिला जज रमेश तिवारी के अंगरक्षक बृज बिहारी राय को हाजीपुर जंक्शन पर ट्रेन में एक महिला से छेड़छाड़ करने और सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलाकर एक यात्री को घायल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
रेल पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि छपरा निवासी गीता देवी पटना से अपने पुत्र का इलाज कराकर 55541 अप हाजीपुर-फुलवरिया ट्रेन से अपने घर जा रही थी तभी नशे में धुत्त अंगरक्षक ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर अंगरक्षक ने महिला पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर तान दी और उसके साथ गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान अंगरक्षक ने गोली चला दी जिससे पास ही बैठे 40 वर्षीय बाबू जान मिंया नामक एक सहयात्री घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना के बाद रेल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अंगरक्षक को गिरफ्तार कर लिया। महिला गीता देवी के बयान के आधार पर रेल थाने में अंगरक्षक के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कर उसकी सर्विस रिवॉल्वर को जब्त कर लिया गया है। घायल यात्री को स्थानीय सदर अस्पताल में तत्काल भर्ती कराया गया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए राजधानी पटना स्थित पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें