पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में हार के कारण ही भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की काबिलियत पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। अकरम ने कहा, आप दो हार के बूते धोनी की काबिलियत तय नहीं कर सकते। उन्होंने भारत को विश्वकप जिताया है और उनकी कप्तानी में दुनिया भर के अधिकतर देशों में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, हम यह नहीं कह सकते कि धोनी असफल हो गए हैं, लेकिन इन मैचों में हार के बाद धोनी को सावधान जरुर हो जाना चाहिए।
पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली समेत कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी टेस्ट में पहले गेंदबाजी करने के धोनी के फैसले की आलोचना की थी लेकिन अकरम ने धोनी के निर्णय का बचाव करते हुए कहा, दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर काफी घास थी इसलिए मुझे लगता है कि धोनी ने पहले गेंदबाजी करने का सही फैसला किया। इस मसले पर हर किसी का अलग विचार हो सकता है लेकिन गेंदबाज के तौर पर मुझे उस ट्रैक पर गेंदबाजी करने में काफी अच्छा लगता। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि नौवें विकेट के लिए स्टुअर्ट ब्राड और ग्रीम स्वान की साझेदारी के कारण मैच का रुख बदल गया अन्यथा सब धोनी की योजना के मुताबिक ही हो रहा था।
अकरम ने कहा, वीरेंद्र सहवाग की वापसी से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलेगी। हालांकि उन्होंने काफी समय से क्रिकेट नहीं खेला है लेकिन वह एक खतरनाक खिलाडी साबित हो सकते हैं। भारत के पास सहवाग और गौतम गंभीर के रूप में लाजवाब ओपनिंग जोडी है और मुझे उम्मीद है कि इस जोडी के लौटने से टीम को काफी मदद मिलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें