महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे जो हमेशा उत्तर भारतीयों को नकारात्मक दृष्टि से देखते थे और हिन्दी बोलना उनकी शान के खिलाफ हुआ करता था, नरेंद्र मोदी के गुजरात में आकर एकदम बदल गये। मोदी के शासन से राज ठाकरे इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने हिन्दी भाषा में बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार देश की सबसे अच्छी सरकार है। राज ठाकरे 10 दिन के दौरे पर गुजरात आये हुए हैं। वो यहां मोदी सरकार के डेवलपमेंट मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं।
राज ठाकरे ने मोदी की की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि जब टाटा का नैनो कारखाना यहां शिफ्ट हुआ था तो भी काफी खुशी हुई थी। खुद टाटा ने गुजरात सरकार के विकास कार्यो की तारीफ की थी। तब लगा कि वहां खुद जाकर देखना चाहिए। इसलिए गुजरात आने का निर्णय लिया। ठाकरे ने कहा कि जिस रफ्तार से मोदी राज्य का विकास कर रहे हैं, उस रफ्तार से किसी भी राज्य का विकास नहीं हो रहा। यह सराहनीय है और पूरे देश को इसकी प्रशंसा करनी चाहिये। ठाकरे ने कहा कि देश में किसी भी राज्य की सरकार इतनी सक्षम नहीं जितनी की गुजरात सरकार।
जब मीडिया ने उनसे मनसे और भाजपा की करीबियों के बारे में पूछा तो उन्होंने साफ कहा कि उनका यह दौरा किसी राजनीति उद्देश्य का भाग नहीं। अंत में उन्होंने गुजरात की तुलना महाराष्ट्र से की और कहा कि महाराष्ट्र भले ही उद्योग और आधारभूत ढांचा के विकास में गुजरात से आगे हैं, लेकिन महाराष्ट्र में पानी, बिजली, सड़क और भ्रष्टाचार जैसी कई बड़ी समस्याएं हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें