पाकिस्तान के पेशावर शहर में हुए दो विस्फोटों में कम से कम सात लोगों के मारे जाने की ख़बर है. मरने वालों में एक 12 साल का बच्चा भी है. पहले विस्फोट में कम से कम चार पुलिसकर्मियों और एक बच्चे की मौत हुई. दूसरे धमाके में दो महिलाएं मारी गई हैं. बताया जा रहा है कि मरने वाली महिलाओं में से एक आत्मघाती हमलावर थी.
पहला विस्फोट एक पुलिस वाहन के करीब हुआ है. शहर के लाहौरी गेट इलाक़े में हुए धमाके में कम से कम 14 लोगों के घायल होने की भी ख़बर है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि वाहन पर सवार पुलिसकर्मी अपनी तैनाती के लिए निकल रहे थे.
एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया है कि विस्फोटक सड़क के किनारे खड़ी एक हाथगाड़ी में रखे गए थे और इन्हें एक रिमोट कंट्रोल से ट्रिगर किया गया है. अधिकारी ने बताया कि पुलिस वाहन पर शहर के कोतवाली थाने के क़रीब 24 पुलिसकर्मी सवार थे और ये वाहन पुलिस लाइंस की ओर जा रहा था. विस्फोट के समय वाहन के क़रीब कुछ स्कूल जा रहे लड़के भी थे. इन्हीं में से एक 12 साल का लड़का भी विस्फोट में मारा गया.
पेशावर में दूसरा हमला पहले हमले के स्थान से क़रीब 400 मीटर की दूरी पर हुआ है. यहां एक महिला आत्मघाती हमलावर और अन्य महिला की मौत हुई है. बताया जा रहा है कि ये महिला पुलिस चौकी पर हमला करने जा रही थी. आत्मघाती हमलावर 16 से 17 वर्ष की होगी और उसके साथ मारी गई महिला क़रीब 50 साल की होगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें