कर्नाटक के गवर्नर एच आर भारद्वाज ने अवैध खनन पर लोकायुक्त एन संतोष हेगड़े की ओर तैयार रिपोर्ट आज मंजूर कर ली। ऐसे में मुख्यमंत्री पद से हाल में इस्तीफा देने वाले बी एस येदियुरप्पा के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू हो सकती है। गवर्नर ने रिपोर्ट स्वीकार करते हुए लोकायुक्त पुलिस को येदियुरप्पा के खिलाफ आपराधिक मामला शुरू किए जाने की इजाजत दी है।
राज्य में नया मुख्यमंत्री चुने जाने की कवायद भी तेज हो गई है। येदियुरप्पा समर्थक और विरोधी खेमों में नए मुख्यमंत्री के लिए दावेदारी को लेकर जोर आजमाइश जारी है। बीजेपी सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक नए सीएम को लेकर बीजेपी विधायकों में आमराय नहीं बन सकी जिसके बाद गुप्त मतदान कराया जा रहा है।
सीएम की कुर्सी के दो बड़े दावेदारों में बीजेपी सांसद डी वी सदानंद गौड़ा और ग्रामीण विकास मंत्री जगदीश शेट्टार का नाम है। बताया जाता है कि शेट्टार को ईश्वरप्पा का समर्थन हासिल है। येदियुरप्पा समर्थक खेमा 67 विधायकों के साथ होटल पहुंच गया है जबकि येदियुरप्पा विरोधी खेमा करीब 60 विधायकों का समर्थन होने का दावा कर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस वी शिवराज पाटिल ने आज कर्नाटक के नए लोकायुक्त का पद संभाल लिया। गवर्नर एच आर भारद्वाज ने राजभवन में नए लोकायुक्त को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें