संसद की कारवाही स्थगित. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 1 अगस्त 2011

संसद की कारवाही स्थगित.

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल की श्रृद्धांजलि के साथ शुरू हुई संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही कल यानि मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई.
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने एक शोक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि भजन लाल सामान्य जनता के नेता थे और वह अनुभवी प्रशासक थे. 

कुमार ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पूर्व सांसद चतुरानन मिश्र सहित चार पूर्व सांसदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की. सदन ने मुम्बई बम विस्फोट और रेल दुर्घटनाओं में मारे गए लोगों के प्रति भी शोक जताया.

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल के नए सदस्यों का सदन में परिचय प्रस्तुत किया. संसद कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विपक्ष से कार्रवाई सुचारू रूप से चलने देने का आह्वान किया. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले किसी भी मुद्दे का सामना करने को तैयार है, लेकिन संसद का मानसून सत्र सहज रूप में चलना चाहिए.

मनमोहन सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "यह हमारी सद् इच्छा है कि यह सत्र सहज रूप में चले, ताकि संसद में राष्ट्रीय महत्व के सभी मुद्दों पर चर्चा और बहस हो सके. सरकार, विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है." प्रधानमंत्री ने कहा, "हम उन सभी विषयों पर एक व्यवस्थित बहस का स्वागत करेंगे." उन्होंने कहा कि जो मामले न्यायालय में हैं, उन्हें वहीं छोड़ना सर्वोत्तम होगा. प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) ने पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के आरोप के बाद प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. राजा ने आरोप लगाया है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन पर उनकी कार्रवाई के बारे में प्रधानमंत्री और चिदम्बरम को जानकारी थी.

सिंह ने कहा, "मैं आशा करता हूं कि जो मामले न्यायालय में हैं, उनके बारे में निर्णय न्यायालय पर छोड़ना सबसे अच्छा है. हम आशा करते हैं कि यह सत्र फलदायी होगा." प्रधानमंत्री ने कहा, "विपक्ष से मेरी अपील है कि वह इस मौके पर एकजुट हो, और देश के सामने खड़े मुद्दों से मिलकर निपटे." भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने सोमवार को कहा, "हम कई मुद्दों पर सरकार को घेरने जा रहे हैं. यहां भ्रष्टाचार, मूल्य वृद्धि, तेलंगाना, मुम्बई हमला जैसे कई मुद्दे हैं."

संसद का मॉनसून सत्र हंगामेदार रह सकता है जिसमें विपक्ष भ्रष्टाचार और महंगाई से लेकर तेलंगाना तथा आतंकवाद जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है. सत्र पांच सप्ताह तक चलेगा. लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के अनुसार विपक्ष ने इस सत्र में मुंबई बम विस्फोट, माओवादी हिंसा, विदेश में जमा काला धन, तेलंगाना, भूमि अधिग्रहण और किसानों के अधिकार जैसे कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने की योजना बनाई है.

भाजपा 2जी मामले में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा गृहमंत्री पी चिदंबरम पर पूर्व संचार मंत्री ए राजा के आरोपों के मद्देनजर उन पर निशाना साध रही है. अन्नाद्रमुक जैसे विपक्षी दलों ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में राजा के आरोपों पर प्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी सफाई मांगी है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं जाहिर होने की शर्त पर कहा कि यदि विपक्षी दल महंगाई तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव के लिए जोर देते हैं, जिसमें मतदान जरूरी हो तो कांग्रेस नीत संप्रग गठबंधन के लिए मुश्किल हो सकती है.

कोई टिप्पणी नहीं: