सुरक्षा के बिना बाहर निकले ठाकरे परिवार. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2011

सुरक्षा के बिना बाहर निकले ठाकरे परिवार.

उत्तर भारतीयों पर अपनी टिप्पणी पर शिवसेना की निंदा के बाद कांग्रेस सांसद संजय निरुपम ने गुरुवार को ठाकरे परिवार के लोगों को सुरक्षा घेरे के बिना यात्रा करने की चुनौती दी। संजय ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य और मनसे प्रमुख राज ठाकरे की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘मैं अपने खिलाफ बोलने वालों को चुनौती देता हूं। तीनों ठाकरे सुरक्षा घेरे के बिना यात्रा कर के दिखाएं।’ उन्होंने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के खिलाफ कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा, ‘मैं बालासाहब का सम्मान करता हूं, उनके लिए मेरे दिमाग में एक अलग जगह है।’

गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर भारत के प्रवासी नागरिकों के खिलाफ उनकी टिप्पणी के बाद शिवसेना ने कहा था कि उन्हें मुंबई में रहने में परेशानी होगी। संजय ने कहा, ‘मैंने कभी सुरक्षा घेरे की मांग नहीं की और आज मैंने पुलिस आयुक्त से अपनी सुरक्षा हटाने को कहा है।’ अपनी विवादास्पद टिप्पणी पर संजय ने कहा, ‘मैंने सिर्फ यह कहा था कि मुंबई की जान उत्तर भारतीय लोगों के हाथों में है, चाहे वह सब्जी वाले हों या ऑटो व टैक्सी चालक या फिर पान वाले हों। मैंने कहा था कि अगर ये लोग एक दिन काम नहीं करें, तो मुंबई ठहर जाएगी। मैंने कभी मुंबई बंद का आह्वान नहीं किया था।’

इससे पहले शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा था, ‘मैं निरुपम को मुंबई बंद कर के दिखाने की चुनौती देता हूं, हम उनके दांत तोड़ देंगे।’ इसी दौरान संजय ने मुंबई के पुलिस आयुक्त को लिखे पत्र में कहा, ‘वर्तमान स्थितियों के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने मेरी सुरक्षा बढ़ा दी थी। मैं आपसे इस सुरक्षा को वापस लेने का आग्रह करता हूं।’

1 टिप्पणी:

Kajal Kumar's Cartoons काजल कुमार के कार्टून ने कहा…

बंबई से बाहर जाते हुए तो डरते हैं, डींगे लंबी लंबी हांकते हैं कोनों में दुबक कर इस परिवार के लोग