जाने-माने गायक-संगीतकार दादासाहब फाल्के पुरस्कार विजेता, पद्म भूषण भूपेन हजारिका का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया। कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल के मीडिया प्रभारी जयंत नारायण साहा ने बताया कि उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनका शाम लगभग साढ़े चार बजे निधन हो गया।
86 वर्षीय हजारिका का 29 जून से अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्हें सांस लेने में परेशानी के कारण अस्पताल लाया गया था। उसके बाद से वह बिस्तर पर थे। उन्हें संक्रमण हो गया था और वह डायलिसिस पर थे। अक्तूबर के अंत में निमोनिया होने के बाद से उनकी सेहत और खराब हो गई।
हजारिका ने अपना अंतिम गीत फिल्म गांधी टू हिटलर के लिए गाया, जिसमें उन्होंने महात्मा गांधी के पसंदीदा भजन वैष्णव जन के लिए अपनी आवाज दी। उन्होंने इस साल आठ सितंबर को अपना जन्मदिन अस्पताल के आईसीयू में अपने प्रशंसकों और नजदीकी लोगों के बीच केक काटकर मनाया। उनके प्रशंसक लंबे समय से उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग कर रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें