भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 15 रनों से करारी शिकस्त देते हुए सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। टेस्ट रैंकिंग में भी भारत छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गया।
फालोऑन खेल रही कैरेबियाई टीम ने गुरुवार को तीसरे दिन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। चौथे दिन सुबह के सत्र में शिवनारायण चंद्रपॉल (47) बनाकर तेज गेंदबाज उमेश यादव का शिकार बने। उमेश ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। बुधवार को कैरेबियाई टीम ने एड्रियन बाराथ (62), क्रेग ब्राथवेट (9) और किर्क एडवर्डस (60) के विकेट गंवाए थे।
चंद्रपॉल के आउट होने के बाद सैमुअल्स और ब्रावो ने पारी की हार टालने की हर संभव कोशिश की। ब्रावो शानदार 136 रन बनाकर और सैमुअल्स 84 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सिर्फ सैमी ही कुछ संघर्ष करते दिखे। उन्होंने 32 रन बनाए।
वेस्टइंडीज टीम की कोशिश पूरी नहीं हो सकी और 463 के स्कोर पर उनकी पूरी टीम आउट हो गई। इस तरह वेस्टइंडीज को एक पारी और 15 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत की तरफ से तेज गेंदबाज उमेश यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। ईशांत शर्मा, ओझा और आश्विन ने भी अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने 2-2 विकेट लिए। भारत ने अपनी पहली पारी 631 रन पर घोषित की थी जिसके जवाब में वेस्टइंडीज टीम पहली पारी में 153 रन ही बना सकी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें