IIT मुंबई से उत्तीर्ण तथा माइक्रोसॉफ्ट के वरिष्ठ अधिकारी भरत श्याम को वाशिंगटन राज्य का नया मुख्य सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया है। वाशिंगटन के गवर्नर क्रिस ग्रेगोरी ने सोमवार को श्याम की नियुक्ति की घोषणा की।
ग्रगोरी ने एक बयान में कहा, मैं भरत से बहुत अधिक प्रभावित हूं। उन्होंने कहा, माइक्रोसॉफ्ट में करीब 20 साल के अनुभव के बाद उन्होंने सॉफ्टवेयर तथा तकनीक की एक गहरी समझ पैदा की है तथा इस पद के लिए उनके उत्साह का स्तर बेहद शानदार है। मैं इस भूमिका में उनका स्वागत करता हूं और अब वशिंगटन राज्य के लोग उनके अनुभवों का लाभ उठा सकेंगे।
श्याम ने कहा कि गवर्नर ग्रेगोरी की टीम का सदस्य बनकर उन्हें वाशिंगटन राज्य के लोगों की सेवा का जो सम्मान प्राप्त होगा, उससे वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने दो दशक पहले वाशिंगटन को अपना घर बनाया था और इस राज्य में काम करने से मुझे तथा मेरे परिवार को बहुत अधिक लाभ हुआ है। इसलिए उसकी सेवा का मौका मिलने से मैं आहलादित हूं। श्याम ने सॉफ्टवेयर डिजाइन इंजीनियर के तौर पर 1993 में माइक्रोसॉफ्ट में अपना करियर शुरू किया था और देश के पहले स्मार्टफोन में से एक का शुरुआती प्रोटोटाइप विकसित किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें