पटना पुलिस आपके साथ’- इसी स्लोगन के साथ पटना पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस ने शनिवार से विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस खास स्लोगन लिखे नंबर लगा रही है। इसमें एसएसपी के साथ ही उस एरिया के एसपी, डीएसपी या एसडीपीओ और थानेदार के मोबाइल नंबर के साथ ही थाना का टेलीफोन नंबर और पुलिस कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर लिखे होंगे।
दीवाल आदि पर पेंट करके नंबर लिखे जा रहे हैं। पहले चरण में एसएसपी ने सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में तीन दिनों के अंदर सौ-सौ स्थानों पर स्लोगन लिखवाने का टास्क सौंपा है। यानी जिले के कुल 70 थाना क्षेत्रों में 7 हजार स्थानों पर स्लोगन लिखे जाएंगे। स्कूल, अस्पताल, बस स्टैंड, टेम्पो-रिक्शा स्टैंड, सिनेमा हॉल, मार्केट कॉम्पलेक्स व अन्य जगहों पर यह काम हो रहा है। एक सप्ताह में सभी 10 हजार स्थानों पर अभियान पूरा करना है। दरअसल मुख्यालय का मानना है कि कई बार लोग शिकायत या सूचना देने थाना नहीं जाना चाहते।
थानेदार या निचले स्तर के अधिकारी से बात भी नहीं करना चाहते। ऐसी स्थिति में उनके लिए सीधे आला अफसरों से संपर्क करना आसान हो जायेगा। साथ ही निचले स्तर पर अधिकारियों को किसी कम्प्लेन पर टालमटोल करना मुश्किल होगा। मकसद प्रिवेंटिव और डिटेक्टिव रविवार को एसएसपी आलोक कुमार ने बताया कि इस अभियान के दो मकसद हैं। पहला प्रिवेंटिव मतलब कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति लोगों को दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना मिले। दूसरा डिटेक्टिव यानी किसी तरह की घटना-दुर्घटना होने पर तुरंत जानकारी मिलने से पुलिस को बेहतर व प्रभावी कार्रवाई करने में आसानी होगी। कई बार लोगों को थानेदार या सीनियर अफसरों का नंबर मालूम नहीं होता। कुछ लोग थाने जाने से हिचकते हैं तो वे फोन पर भी अपनी बात कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें