संसद के शीतकालीन अधिवेशन के दूसरे दिन बुधवार को भी दोनों सदनों में कोई कामकाज नहीं हो सका और प्रश्नकाल फिर से बाधित हुआ। विभिन्न मसलों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे की वजह से दोनों सदनों की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में सुबह 11 बजे जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, वामपंथी दलों के सदस्य महंगाई के मसले पर चर्चा कराने की मांग करने लगे। वहीं दूसरी ओर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सदस्य पृथक तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर हाथों में तख्तियां लिए हंगामा कर रहे थे। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सदस्य समाचार पत्र की प्रतियां लिए अध्यक्ष के आसन के समीप पहुंचकर नारेबाजी कर रहे थे लेकिन यह स्पष्ट नहीं हुआ कि वे क्या मुद्दा उठाना चाहते थे।
हंगामे व नारेबाजी की वजह से लोकसभा की स्पीकर मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। जब दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। हंगामा न थमता देख लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी। वाम दलों ने मूल्य वृद्धि के मसले पर कार्य स्थगन प्रस्ताव दिया था। वे मत विभाजन के प्रावधान वाले नियम के तहत चर्चा चाहते थे जबकि सरकार इसके लिए तैयार नहीं थी। सरकार नियम 193 के अधीन इस पर चर्चा कराने को तैयार है। इस नियम के तहत मत विभाजन का प्रावधान नहीं है।
केंद्र सरकार के संकटमोचक केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस सिलसिले में वामपंथी दलों से बुधवार को मश्विरा भी किया था लेकिन वामपंथी दल अपने रुख पर अड़े हुए हैं। चर्चा को बुधवार के कामकाज की सूची में शामिल किया गया था लेकिन अध्यक्ष ने सम्भवत: स्थगन प्रस्ताव की बात नहीं मानी। मंगलवार को भी लोकसभा में कोई कामकाज नहीं हो सका था। राज्यसभा में भी यही स्थिति थी। विभिन्न मुद्दों पर राजनीतिक दलों के सदस्यों के हंगामे व नारेबाजी की वजह से सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।
भाजपा ने ऐलान किया है कि वह काला धन के मसले पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव लाएगी। बीजेपी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल स्थगित करने की मांग की है। बीजेपी नेता गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि उनकी पार्टी संसद में पी चिदंबरम का बहिष्कार करना जारी रखेगी। माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि वह महंगाई पर सरकार की ओर से ठोस नतीजे की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कि उनकी पार्टी राज्यसभा में नियम 168 के तहत चर्चा चाहती है। उनकी पार्टी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें