देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ अलख जगाने में जुटे लालकृष्ण आडवाणी के मंच पर एक शराब माफिया भी नज़र आया. गुजरात के कांग्रेसी नेता शक्ति सिंह गोहिल ने एक बयान में दावा किया कि गुजरात पहुंचने से पहले आडवाणी के मंच पर अवैध शराब कारोबारी सुरेश जगु उर्फ सुखा के साथ नज़र आए. इस मामले को लेकर कांग्रेस ने हमला तेज कर दिया है.
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी आजकल जनचेतना यात्रा पर निकले हुए हैं. भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी यह यात्रा जब गुजरात के सूरत में पहुंची तो उनके साथ मंच पर एक शराब माफिया भी मौजूद था. सुखा पटेल नाम का ये शख्स भाजपा का स्थानीय नेता है लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ 27 मामले दर्ज हैं. सुखा पर दर्ज अधिकांश मामले शराब की अवैध सप्लाई से जुड़े हुए हैं, जबकि पूरे राज्य में शराब पर बैन लगा हुआ है.
भले ही आडवाणी को सुखा पटेल के पुलिस रिकॉर्ड के बारे में जानकारी न हो लेकिन वहां के स्थानीय नेता तो इससे वाकिफ रहे होंगे. तो फिर कैसे उनके मंच पर एक अपराधी को जगह दी गई. बताया जाता है कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आर-पार की लड़ाई करने का मूड बना रही है. क्योंकि आडवाणी अपनी जनचेतना यात्रा के माध्यम से कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं. गोपालगढ़ में पीड़ितों से मिलने पहुंचे राहुल को लेकर भी कुछ ऐसा ही विवाद हुआ था. राहुल पर आरोप था कि जिस बाइक पर वह घूम रहे थे उसे बिल्ला नाम का एक अपराधी चला रहा था. इस खबर के आने के बाद भाजपा ने खूब हो-हल्ला मचाया था.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें