न्यूयॉर्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग का कहना है कि शहर में पुलिस वाहनों और डाकखानों पर बम रखने की योजना बनाने के शक में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है. न्यूयॉर्क में एक संवाददाता सम्मेलन में शहर के मेयर ने कहा कि 27 साल के होजे पिमेंटल पर आंतकवाद से संबंधित आरोप लगाए गए हैं.
पिमेंटल ये योजना बनाने वाले अकेले व्यक्ति थे जिन पर विदेशों से लौट रही अमरीकी सेना को निशाना बनाने का भी अभियोग लगाया गया है. ब्लूमबर्ग का कहना था कि गिरफ़्तार व्यक्ति चरमपंथी संगठन अल-क़ायदा का समर्थक है. इस संवाददाता सम्मेलन में ब्लूमबर्ग के साथ पुलिस कमीश्नर रेमंड केली और मैनहेटन की तरफ़ से अभियोजन पक्ष के प्रमुख वकील साइरस वेनस भी मौजूद थे.
अधिकारियों ने बताया कि पिंमेटल को कथित तौर पर पाईप बम बनाने की जानकारी अल-क़ायदा के समर्थन करने वाली पत्रिका से मिली. इस पत्रिका का प्रकाशन कट्टर धार्मिक नेता अनवर-अल-अवाकी करते थे. अवाकी की सितंबर महीने में यमन में अमरीकी ड्रोन हमले में मौत हो गई थी. मेयर का कहना था कि संदिग्ध ने जो विस्फोटक बनाया था उसी की नकल कर एक ऐसा ही विस्फोटक तैयार किया और वीडियोंटेप में इसी बम से एक अज्ञात कार उड़ाई गई है. अदालत में पेश किए गए दस्तावेज़ों के मुताबिक पिमेंटल पर साल 2009 से ही निगरानी रखी जा रही थी और उन पर आतंकवादी गतिविधि से संबंधित तीन मामलों और अन्य दो मामलों में आरोप लगे थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें