आनंद कुमार विकि सम्मेलन में आमंत्रित. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 17 नवंबर 2011

आनंद कुमार विकि सम्मेलन में आमंत्रित.


भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की प्रवेश परीक्षा के लिए   तैयारी कराने वाले पटना के प्रसिद्ध संस्थान 'सुपर 30' के संस्थापक आनंद कुमार को ऑनलाइन एनसाइक्लोपीडिया 'विकिपीडिया' की ओर से भारत में पहली बार आयोजित 'विकि सम्मेलन' में वक्ता के तौर पर आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन 18 से 20 नवंबर तक मुंबई विश्वविद्यालय के कंवेंशन हॉल में आयोजित होगा। सम्मेलन में विकिपीडिया के संस्थापक एवं प्रमुख जिमी वेल्स भी शामिल होंगे।

विकिपीडिया अपना विस्तार कई और भाषाओं में करना चाहता है, इसी के मद्देनजर यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम समिति के सदस्य विशाल महाजन ने गुरुवार को बताया कि आनंद और विकिपीडिया का उद्देश्य आम लोगों को निशुल्क ज्ञान उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि विकिपीडिया और आनंद अगर मिलकर काम करें तो ज्ञान-विज्ञान के निशुल्क प्रचार-प्रसार को और विस्तार दिया जा सकता है।

जिमी वेल्स ने  कहा कि इस मौके पर आनंद बताएंगे कि कैसे विकिपीडिया को और प्रभावशाली बनाया जा सकता है, जिससे निर्धन लोग इसका लाभ ले सकें। इस कार्यक्रम में विकिपीडिया के सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। वर्ष 2002 में स्थापित 'सुपर 30' में गरीब और निर्धन बच्चों को निशुल्क रहने और पढ़ने की सुविधा दी जाती है। अब तक 'सुपर 30' के प्रयासों से पिछले नौ वर्षों में 236 छात्र आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व आनंद को अमेरिका में 'अमेरिका मैथेमेटिकल सोसाइटी'  द्वारा आयोजित सम्मेलन में दो बार व्याख्यान देने का मौका मिला है।

आनंद 'टाइटैनिक' फिल्म से मशहूर हुए जेम्स कैमरन तथा इंग्लैंड के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के साथ एक मंच पर व्याख्यान दे चुके हैं। कतर की राजधानी दोहा में शिक्षा पर आयोजित सम्मेलन 'वर्ल्ड इनोवेशन समिट फॉर एजुकेशन' में व्याख्यान दे चुके आनंद ने देश के लगभग सभी प्रमुख संस्थाओं में व्याख्यान दिया है। वर्ष 2010 में आनंद को 'टाइम' पत्रिका  ने 'द बेस्ट ऑफ एशिया' में शामिल किया था। 'न्यूजवीक' पत्रिका ने 'सुपर-30' को विश्व के चार प्रयोगधर्मी विद्यालयों में शामिल किया था।

कोई टिप्पणी नहीं: