आखिर आज वो दिन आ ही गया जब उत्तर प्रदेश में एक और जनचेतना यात्रा शुरू होने जा रही है, इस बार यह यात्रा निकाल रहे हैं आर्ट ऑफ लिविंग के गुरू श्री श्री रविशंकर। जो प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाने में अपना सहयोग करने की बात करेगें। गौरतलब है कि यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मिली जानकारी के मुताबिक धर्म गुरू रविशंकर जौनपुर से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे और आठ नवंबर की सुबह चंदौली में होंगे तो शाम को सोनभद्र में रहेंगे। अगले दिन यानी नौ नवंबर को मिर्जापुर जाएंगे।
10 नवंबर को वह सुबह सुल्तानपुर में होंगे तो शाम को कानपुर में अभियान चलायेंगे। इस दौरान वह अमेठी भी जायेंगे जो कि ऱाहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है। श्री श्री रविशंकर के इस ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह का वह दावा पूरी तरह से सच साबित होता दिख रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि श्री श्री रविशंकर, भाजपा और आरएसएस के प्लान सी है। उन दोनों का पहला प्लान ए बाबा रामदेव थे जो कि पूरी तरह से फ्लाप साबित हो चुका है। दूसरा प्लान बी यानी अन्ना हजारे हैं जो कि फ्लाप होने की कगार हैं और तीसरा प्लान आध्यात्म गुरू श्री श्री रविशंकर हैं। जिन्हें वह प्लान सी के तहत इस्तेमाल किया जा रहा है।
दिग्गी राजा के आरोप पर श्री श्री रविशंकर ने कहा था कि वो बकवास बातों पर टिप्पणी नहीं करते हैं। जबकि दिग्गी राजा ने कहा कि किसी एक पार्टी को टार्गेट करने से अच्छा है कि सबलोग मिलकर भ्रष्टाचार से लड़े। अगर कोई समस्या है तो पीएम मनमोहन सिंह और सोनिया जी से आकर मिले। ना कि कांग्रेस को टार्गेट करके पूरे देश में यात्रा करें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें