मिस्त्री टाटा समूह के नए अध्यक्ष. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 23 नवंबर 2011

मिस्त्री टाटा समूह के नए अध्यक्ष.

साइरस पी. मिस्त्री 71 अरब डॉलर के टाटा समूह के नए अध्यक्ष होंगे। समूह द्वारा बुधवार को की गई घोषणा के मुताबिक इस पद पर वह वर्तमान अध्यक्ष रतन टाटा की जगह लेंगे, जो अगले साल सेवानिवृत्त होने वाले हैं। साइरस निर्माण उद्यमी पालोंजी मिस्त्री के छोटे पुत्र हैं और उनका सम्बंध उस परिवार से है, जिनकी टाटा समूह में बड़ी हिस्सेदारी है। कम्पनी टाटा संस के निदेशक मंडल ने बुधवार की बैठक में मिस्त्री को निदेशक मंडल का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। मिस्त्री रतन टाटा के साथ लगभग एक वर्ष तक काम करेंगे और दिसम्बर 2012 में टाटा के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह लेंगे। चयन समिति ने सर्वसम्मति से उनके नाम का प्रस्ताव किया था।

समूह ने अपने बयान में कहा, "वह अगले साल तक रतन टाटा के साथ काम करेंगे और दिसम्बर 2012 में रतन टाटा के सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह लेंगे।" समूह ने 2010 में रतन टाटा का वारिस चुनने के लिए चयन समिति का गठन किया था। समूह में 100 से अधिक कम्पनियां शामिल हैं। कम्पनी की वेबसाइट पर जारी एक बयान में टाटा संस के अध्यक्ष रतन टाटा ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा, "टाटा संस के उपाध्यक्ष के रूप में साइरस पी. मिस्त्री की नियुक्ति एक बेहतर और दूर-दृष्टि भरा फैसला है।" मिस्त्री अगस्त 2006 में टाटा संस के निदेशक मंडल में सबसे युवा सदस्य के तौर पर शामिल हुए थे। टाटा संस टाटा समूह की होल्डिंग कम्पनी है।

रतन टाटा ने समूह के बयान में मिस्त्री की प्रशंसा करते हुए उन्हें तीक्ष्ण बुद्धि का, नम्र और जिम्मेदारी सम्भालने के योग्य बताया। नए पद पर नियुक्ति से पहले मिस्त्री शपूरजी पालोंजी समूह के प्रबंध निदेशक थे। उन्होंने लंदन के इम्पीरियल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक और लंदन बिजनेस स्कूल से प्रबंधन में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री ली है। कारोबारी जगत के प्रमुख अधिकारियों ने साइरस की नियुक्ति का स्वागत किया। एचडीएफसी के अध्यक्ष दीपक पारेख ने कहा, "हमारा शपूरजी पालोंजी परिवार से 25 वर्षो का नाता है। साइरस बुद्धिमान, नम्र, मानवीय गुण और दृढ सोच वाले हैं।" उन्होंने हालांकि कहा कि समूह का कारोबार कई क्षेत्रों में फैला है इसलिए साइरस के लिए यह एक कठिन जिम्मेदारी होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: