भाजपा ने दावा किया कि संप्रग की गलत आर्थिक नीतियों और भ्रष्टाचार के चलते देश बर्बाद हो रहा है. केवल भाजपा वही मजबूत और खुशहाल भारत निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर सकती है. पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा, ‘‘आज हालात बहुत गंभीर और कठिन हैं. गलत आर्थिक नीतियों और खराब तथा भ्रष्ट शासन ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है.’’
स्वामी विवेकानंद के 150 वें जन्मदिवस के अवसर पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में उन्होंने कहा कि देश इस समय भ्रष्टाचार, मंहगाई और आतंकवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि केवल भाजपा ऐसा विकल्प दे सकती है जो भारत को न सिर्फ इन समस्याओं से उबार देगी बल्कि देश को विश्व की अग्रणी पंक्ति में खड़ा करेगी.
गडकरी ने कहा कि हमें केवल शासन को ही नहीं बदलना है बल्कि राष्ट्र और समाज को भी बदलना है. भाजपा प्रमुख ने दावा किया उनकी पार्टी महज अपने लाभ के लिए राजनीति नहीं कर रही है, बल्कि वह राष्ट्र और समाज के लाभ के लिए ऐसा कर रही है. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रण करवाया कि वे स्वामी विवेकानंद के बताए रास्ते पर चल कर देश को शक्ति प्रदान करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें