बिहार के मधेपुरा जिले में उदाकिशुनगंज थाना अंतर्गत पिपराकरौती पंचायत की कुछ महादलित महिलाओं ने राज्य की आपदा प्रबंधन मंत्री रेणु कुमारी के पति के खिलाफ शुक्रवार मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महादलित समुदाय की कुछ महिलाओं ने मंत्री के पति विजय कुमार सिंह, पिपराकरौती पंचायत के मुखिया छोटेलाल पोद्दार और मंत्री के अंगरक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार पंचायत की बाढ़ प्रभावित महिलाएं पुनर्वास की मदद की मांग को लेकर उदाकिशुनगंज स्थित राजकीय अतिथिशाला में सिंह के पास गयी थी। सिंह सत्तारुढ़ दल जदयू के महासचिव भी हैं। पीडि़त महिलाओं ने आरोप लगाया कि सिंह और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। एखिया देवी और एना देवी के बयान पर सिंह और अन्य तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। घटना के बाद आक्रोशित महिलाओं ने उदाकिशुनगंज में सड़क जाम किया। बाद में उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार के समझाने बुझाने के बाद महिलाएं शांत हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें