बिहार में एडवेंचर स्पोर्ट्स केन्द्र बनेगा. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 17 मार्च 2012

बिहार में एडवेंचर स्पोर्ट्स केन्द्र बनेगा.


बिहार के पहाड़ी इलाके को एडवेंचर स्पोर्ट्स केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। राजगीर की पांच पहाड़ियों के बीच स्थित घोड़ा कटोरा लेक इलाके में इस तरह का पहला प्रयोग होगा। साथ ही गया, मुंगेर, मंदार पर्वत क्षेत्र, रोहतास की पहाड़ियों समेत राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। 

इस काम में दो बार एवरेस्ट फतह करने वाली संतोष यादव की मदद ली जाएगी। उन्हें बिहार में साहसिक खेलों का ब्रांड एंबेस्डर बनाया गया है। वेटनरी कॉलेज मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब ये घोषणा की तो हजारों लोगों ने गर्मजोशी से इसका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री राज्य के शताब्दी वर्ष पर कला-संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से आयोजित प्रथम साहसिक खेलकूद महोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे थे। समारोह में मुख्यमंत्री ने पर्वतारोही संतोष यादव को बिहार की बहू बताया और उनसे राज्य में एडवेंचर स्पोर्ट्स एकेडमी खोलने व साहसिक खेलों को बढ़ावा देने का आग्रह भी किया। बच्चों को संतोष यादव के जीवन से सीखने की सलाह देते हुए कहा कि बुझे मन से कोई भी बड़ा काम नहीं हो सकता। हौसला बुलंद हो और मन में उत्साह तो मंजिल खुद-ब-खुद आसान हो जाती है। खूब पढ़िए और खूब खेलिए भी, तभी सफलता कदम चूमेगी। तालियां बजाने से खून बढ़ता है और नहीं बजाने से नाखून बढ़ता है, अब आप ही फैसला कीजिए। मुख्यमंत्री के इतना कहते ही बच्चे जोर-जोर से ताली बजाने लगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी सरकारी स्कूलों में साहसिक खेलों की गतिविधियां शुरू होंगी। इसमें भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सरकार छात्रवृत्ति भी देगी।

समारोह की अध्यक्षता कला-संस्कृति मंत्री डा. सुखदा पाण्डेय ने की और कहा कि राज्य में साहसिक खेलों का यह पहला आयोजन है। अभी तो यह शुरुआत है, इसे और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। बिहार में एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। इस मौके पर डीजीपी डा. अभयानंद, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह, पर्वतारोही संतोष यादव, मानवाधिकार डीआईजी रवींद्रन शंकरण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक, पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, पूनम देवी, नीतिन नवीन आदि उपस्थित थे। 

कोई टिप्पणी नहीं: