नितीश ने बिहार को अपमानित कराया : लालू - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 16 अप्रैल 2012

नितीश ने बिहार को अपमानित कराया : लालू


राज ठाकरे की एमएनएस की शर्तों के आगे बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर झुकने का आरोप लगाते हुए आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि मुंबई में मुख्यमंत्री ने बिहार के गौरव को चोट पहुंचाई है। लालू प्रसाद ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर पर पत्रकारों से कहा, 'मुंबई में आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम में नीतीश ने एमएनएस की सारी शर्तों को मानकर घुटने टेकने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने वहां बिहार के गौरव पर हथौड़ा मारने का काम किया है।' उन्होंने कहा कि बिहार मामूली धरती नहीं है। यह संतों की धरती है, इसलिए उन्हें किसी के आगे झुकना नहीं चाहिए। 

आरजेडी के मुखिया ने नीतीश कुमार के 'मराठी प्रेम' को लेकर जमकर निशाना साधा है। लालू ने कहा, 'बिहार के मुख्‍यमंत्री ने जय बिहार का नारा नहीं लगाकर जय महाराष्‍ट्र कहा है। इससे महाराष्‍ट्र के लोगों को पता चल गया कि नी‍तीश डरपोक हैं। उन्‍होंने बिहार का अपमान किया है, जो बिल्‍कुल बर्दाश्‍त नहीं है।'  गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने मुंबई में रविवार को मराठी में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा था कि मराठी बहुत मीठी जुबान है और महाराष्ट्र के लोग बहुत अच्छे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों को बिहार आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि आप महाराष्ट्र दिवस बिहार में मनाइए। 

लालू ने जेडीयू के विधानपार्षद देवेश चंद्र ठाकुर को भी आड़े हाथ लिया और ठाकुर को सारे जोड़-तोड़ का जिम्मेदार बताया। लालू ने कहा कि बिहार की गरीबी, कानून व्यवस्था और शिक्षा की समस्या की अनदेखी करते हुए नीतीश बिहार दिवस में लगे हुए हैं। गौरतलब है कि 15 अप्रैल के मुंबई के कार्यक्रम को लेकर एमएनएस और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच काफी बयानबाजी हुई थी। बाद में बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया था।


कोई टिप्पणी नहीं: