भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वयोवृद्ध नेता प्रमोद गोगोई का शुक्रवार को यहां एक स्थानीय अस्पताल में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। उन्हें कुछ दिन पहले ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति के लिए दोबारा चुना गया था। गोगोई को नाक से खून आने के कारण दो अप्रैल को गुवाहाटी न्यूरोलॉजिकल रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। एक चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया, "गुरुवार को उनकी हालत बिगड़ गई। हमने उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा। लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।"
गोगोई का जन्म 29 सितम्बर 1930 को ऊपरी असम के शिवसागर जिले में हुआ था। वह ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन से भी जुड़े हुए थे। उन्होंने 1948 में भाकपा की सदस्यता ग्रहण की और पहली बार 1967 में शिवसागर से असम विधानसभा के लिए चुने गए। गोगोई पांच बार विधायक चुने गए थे। वह 1996-2001 के दौरान तत्कालीन गठबंधन सरकार में बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई मंत्री थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें