राजेन्द्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली के लिए नई सुपर फास्ट ट्रेन सप्ताह में तीन दिन सोमवार, वृहस्पतिवार और शनिवार को रवाना होगी। पहले इस ट्रेन को रोज चलाने की योजना थी पर इसे फिलहाल सप्ताह में तीन दिन ही चलाया जाएगा। यह जानकारी दानापुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी रंजीत कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को राजधानी एक्सप्रेस के खुलने के एक घंटे बाद रवाना करने पर सहमति बनी है।
ट्रेन की बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है पर उम्मीद है कि सोमवार को ट्रेन का नंबर और नाम मिलने के बाद बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। इस ट्रेन में एसी और स्लीपर के कोच लगेंगे। साधारण बोगी नहीं होगी। जिन यात्रियों का आरक्षण होगा वहीं इस ट्रेन में सवार होंगे। इस ट्रेन के लिए संपूर्णक्रांति के लिए आई नई रेक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को 18 अगस्त से चलने की संभावना है। ट्रेन में कुल 18 कोच हैं।
इस ट्रेन में 10 स्लीपर क्लास के कोच हैं। एक पैंट्री कार और दो पावर कोच है। बाकी एसी फर्स्ट, सकेंड और थर्ड के कोच होंगे। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक बीपी खरे ने इस ट्रेन को दिल्ली तक चलाने की अनुमति दे दी है। सिर्फ इंतजार रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलने की। अनुमति मिलते ही इस ट्रेन की सेवा यात्रियों को मिलने लगेगी। इस ट्रेन के चलने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी क्योंकि इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। कोच में आधुनिक सुविधाएं हैं। कोच का निर्माण जर्मन तकनीक से किया गया है। ट्रेन के रफ्तार पकड़ने पर यात्रियों को झटका नहीं लगेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें