कट्टर हिंदूवादी नेता और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस समय चौतरफा हमले हो रहे हैं. इस बार आरएसएस प्रमुख ने उनके खिलाफ बयान दिया है.
एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोदी का लगातार विरोध करते रहे हैं. नीतीश ने एक बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी से कहा था कि मोदी प्रधानमंत्री के तौर पर हमें कभी स्वीकार नहीं हो सकते.
ऐसे नाजुक समय में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नीतीश की तारीफ करते हुए उन्हें मोदी से बेहतर मुख्यमंत्री बताया. उन्होंने कहा कि आज बिहार में गुजरात से ज्यादा तरक्की के मार्ग खुले हैं. भागवत ने कहा कि यह हमारा मानना नहीं है बल्कि इन दोनों राज्यों की आम जनता का मानना है.
भागवत ने कहा है कि कभी गुजरात को लोग देश में अच्छे शासन का सबसे शानदार मॉडल मानते थे, लेकिन नीतीश के शासन वाले बिहार ने उसे चुनौती दी है. जहां बदलाव की सारी संभावनाएं खत्म सी हो गई थीं, वहां नीतीश ने बेहतरीन काम कर एक नया मॉडल पेश किया है. भागवत ने कहा है कि बिहार में विकास का मॉडल गुजरात से भी बेहतर है.
नरेंद्र मोदी भाजपा के बहुत ही कद्दावर नेता माने जाते हैं और उनका संघ से भी बहुत ही करीबी रिश्ता है. ऐसे समय में आरएसएस प्रमुख के इस बयान में कई राज छुपे मालूम होते हैं. गौरतलब है कि नीतीश कुमार को जेडीयू जहां प्रधानमंत्री के रूप में एक योग्य उम्मीदवार समझ रही है वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के ब्लॉग ने भी नीतीश की उम्मीदें बढ़ाई हैं.
आडवाणी ने अपने ब्लॉग में लिखा था कि 2014 के आम चुनाव में गैर भाजपाई और गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन सकता है. इन दोनों पार्टियों में से किसी एक के सपोर्ट से ऐसा संभव है. आडवाणी के इस ब्लॉग से जदयू ने खुशी जताई थी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें