राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक के.एस. सुदर्शन रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। सुदर्शन का हृदयाघात से रायपुर में शनिवार को निधन हो गया था। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रेशमीबाग स्थित मंदिर परिसर में रखा गया था। उनकी अंतिम यात्रा रेशमीबाग से निकाली गई और शहर के पूर्वी हिस्से में स्थित शवदाह में वह पंचतत्व में विलीन हो गए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी, लाल कृष्ण आडवाणी सहित भाजपा के अन्य शीर्ष नेता सुदर्शन के अंतिम संस्कार के मौके पर उपस्थित थे। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह चौहान और रमन सिंह भी इस अवसर पर मौजूद थे।
गडकरी ने सुदर्शन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह भारत की बेहतरी के प्रति कटिबद्ध थे। गडकरी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी उन्हें अपना श्रद्धांजलि अर्पित करती है और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती है। हम उनके सिद्धांतों में यकीन रखते हैं और आगे भी इसका अनुसरण करेंगे। वह भारत और समाज के प्रति समर्पित थे और हम समाज की बेहतरी के उनके सपने को पूरा करने कोशिश करेंगे।"
1931 में जन्मे सुदर्शन ने टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक किया था। कर्नाटक के मांडया जिले में स्थित कुप्पाली गांव के मूल निवासी सुदर्शन प्रशिक्षण के लिए आरएसएस के कार्यकर्ताओं के बीच जाने जाते थे। सुदर्शन साल 2000 से 2009 के बीच आरएसएस प्रमुख रहे। उनका कार्यकाल भाजपा सहित आरएसएस के आनुषांगिक संगठनों में युवा नेताओं को नेतृत्व प्रदान करने की कोशिश के लिए जाना जाता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें