इमरान नीतीश का मॉडल अपनाना चहते. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 13 सितंबर 2012

इमरान नीतीश का मॉडल अपनाना चहते.


क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान विकास के नीतीश मॉडल पर फिदा हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ऊंचाइयां प्रदान करने के लिए मशहूर और कश्मीर का भाग्य भारत के साथ क्रिकेट मैच से तय करने के पक्षधर रहे इमरान अपने देश में भ्रष्टाचार के खात्मे और विकास को राजनीति का एजेंडा बनाने के लिए नीतीश कुमार के विकास मॉडल को पाक में अपनाना चाहते हैं।

‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी’ के संस्थापक और सांसद इमरान खान खुद को देश का अगला प्रधानमंत्री मानते हैं। एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में इमरान ने देश चलाने की अपनी कार्ययोजना और एजेंडे पर चर्चा के दौरान नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने पाकिस्तान की स्थिति की बिहार के पूर्व के हालात से तुलना करते हुए कहा कि बिहार की नीतीश सरकार की सफलता के तीन मुख्य सूत्र हैं। पहला, सुशासन, दूसरा निवेश के लिए वातावरण और तीसरा, विकास व समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयास।

नीतीश कुमार ने विकास और प्रशासन को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाकर खड़ा कर दिया है। वहां (बिहार) भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। दूसरी ओर पाकिस्तान की स्थिति इस समय काफी बदहाल है। देश में लम्बे समय से शासन की हालत खराब है। अभी तो हम अपने इतहिास के सबसे बेकार शासन के दौर से गुजर रहे हैं। आतंकवाद और कई अन्य समस्याएं चरम पर हैं। भ्रष्टाचार किसी भी देश के लिए कमजोर शासन की पहचान होता है।

इमरान ने कहा कि मेरा मानना है कि विकसित देशों और तीसरी दुनिया के देशों के बीच सिर्फ सुशासन का ही अंतर होता है। नीतीश कुमार ने बिहार में स्वच्छ और पारदर्शी सरकार कायम किया है। मंत्रियों और सरकारी कर्मियों की संपत्ति सार्वजनिक करने के उनके निर्णय के समान हमने भी पार्टी नेताओं के लिए संपत्ति की सार्वजनिक घोषणा करना अनिवार्य कर दिया है। तहरीक-ए-इंसाफ पाकिस्तान का एक मात्र ऐसा दल है, जिसकी केन्द्रीय कार्यकारी समिति के सभी सदस्यों की संपत्ति का ब्योरा वेबसाइट पर जारी किया गया है।

इमरान ने आगे कहा कि नीतीश कुमार की पुस्तक का अध्ययन करने के बाद मैंने देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ पार्टी के आर्थिक एजेंडे पर चर्चा की। इसकी घोषणा पिछले ही सप्ताह की गई है। पूर्व विधान पार्षद और जदयू नेता संजय झा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के न्याय के साथ समावेशी विकास की अवधारणा पड़ोसी देशों को भी आकर्षित कर रही है। नेपाल के प्रधानमंत्री बाबूराम भप्तराई पहले ही विकास के नीतीश मॉडल की जमकर सराहना कर चुके हैं। अब पाकिस्तान की एक सियासी पार्टी के सुप्रीमो और क्रिकेट स्टार इमरान खान ने इस मॉडल को पाकिस्तान में आजमाने के अपने इरादे का खुलासा किया है। यह बिहार के लिए गौरव की बात है।

कोई टिप्पणी नहीं: