बिहार में सतारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दोनों घटकों के बीच मतभेद दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष सी़ पी़ ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा की अगले वर्ष पटना में होने वाली हुंकार रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया जाएगा। उधर, जनता दल (युनाइटेड) ने ठाकुर के इस बयान पर प्रश्नचिह्न् खड़ा कर दिया। ठाकुर ने पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा की पटना में अगले वर्ष 15 मार्च को प्रस्तावित हुंकार रैली में नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया जाएगा। जद (यु) के विरोध करने पर उन्होंने कहा कि अन्य बड़े नेताओं की तरह मोदी को भी आमंत्रित किया जाएगा और वे आएंगे भी, इसे कोई कैसे रोक सकता है।
वहीं, जद (यु) ने ठाकुर के बयान पर ही प्रश्नचिह्न् खड़ा कर दिया। पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा, "ठाकुर कब क्या बोलते हैं और क्या समझते हैं, यह कोई नहीं समझ पाता। उन्होंने कहा कि वह इतने बड़े डाक्टर हैं, परंतु इलाज नहीं कर पाते, क्योंकि वह रोग ही नहीं समझ पाते।" उन्होंने कहा कि बिहार में केवल एक ही मोदी (उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी) काफी हैं। दूसरे मोदी (नरेंद्र मादी) की क्या जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ठाकुर ने बयान दिया था कि भाजपा बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उनके इस बयान ने गठबंधन के दोनों दलों को आमने-सामने कर दिया था। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुले तौर पर मोदी को बिहार आकर चुनाव-प्रचार करने का विरोध किया था। इसके पूर्व 2010 में भी नीतीश ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान अखबार में छपे एक विज्ञापन में मोदी के साथ अपनी तस्वीर छपने पर आपत्ति व्यक्त की थी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें