भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सुषमा स्वराज ने मंगलवार को इसका खंडन किया कि वह पार्टी के अध्यक्ष नितिन गडकरी को समर्थन नहीं दे रही हैं। उन्होंने ऐसी रिपोर्ट को गलत करार दिया। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा, "इस तरह की मीडिया रिपोर्ट बिल्कुल गलत है कि मैं नितिन गडकरी का समर्थन नहीं कर रही हूं। मैंने हमेशा उनका समर्थन किया है और मैं एक बार फिर उनके प्रति अपना समर्थन जाहिर करती हूं।"
अपने व्यवसाय को लेकर सवालों से घिरे गडकरी ने इससे पहले दिन में पार्टी के महासचिव एच. एन. अनंत कुमार के साथ यहां सुषमा से मुलाकात की थी। उल्लेखनीय है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने गडकरी पर अपने न्यास के लिए गलत माध्यम से किसानों की भूमि अधिगृहित करने का आरोप लगाया है। वह सोमवार को एक बार फिर विवादों में घिर गए जब उन्होंने स्वामी विवेकानंद के आईक्यू की तुलना भगोड़ा डॉन दाऊद इब्राहिम से कर दी।
इसके बाद भाजपा नेता महेश जेठमलानी ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया था और मांग की थी कि पार्टी के अध्यक्ष के रूप में गडकरी को दूसरे कार्यकाल का विस्तार न दिया जाए। उनके पिता तथा वकील व भाजपा के राज्यसभा सांसद रामजेठमलानी ने भी मंगलवार को गडकरी को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी के नेता यशवंत सिन्हा, जसवंत सिंह तथा शत्रुघ्न सिंह भी इस मामले में उनके साथ हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें