भारत ने बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर बराक ओबामा के दोबारा निर्वाचन पर उन्हें बधाई दी है। भारत ने उम्मीद जताई है कि आने वाले बरसों के दौरान दोनों देशों के बीच बहुआयामी सम्बंध गहरे होंगे। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, "भारत सरकार व यहां के लोग राष्ट्रपति ओबामा की दूसरी बार जीत पर उन्हें बधाई देते हैं। अमेरिका के लोगों ने उनके देश की लोकतंत्र की महान परम्परा में आस्था जताते हुए दूसरी बार ओबामा में अपना विश्वास जताया है।"
मंत्रालय की ओर से कहा गया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राष्ट्रपति ओबामा के दोबारा निर्वाचन पर उन्हें अपनी ओर से अलग-अलग बधाई संदेश भेज रहे हैं। दोनों देशों के लोकतंत्र पर आधारित साझा मूल्यों व उन पर आधारित विस्तृत द्विपक्षीय सम्बंधों और भागीदारी व कानून और बहुलवाद के शासन का जिक्र करते हुए मंत्रालय ने कहा कि आने वाले सालों में भी दोनों देशों के बाच रिश्ते और गहरे होंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें