![]() |
| शत्रुघ्न सिन्हा |
सरकार को घेरने में लगी बीजेपी खुद अपने ही सिपहसलारों के हमलों से घिरती जा रही है। पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी को हटाने की मांग को एक बार फिर पार्टी के भीतर से ही समर्थन मिला है। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को कहा कि गडकरी को हटाने की यशवंत सिन्हा और राम जेठमलानी की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। सिन्हा ने पटना में रिपोर्टरों से कहा, 'मैं यशवंत सिन्हा और राम जेठमलानी की मांगों को लेकर विचारधारात्मक तौर पर उनके साथ हूं। दोनों की मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। हालांकि, गडकरी के बारे में शत्रुघ्न ने कहा, वह मेरे दोस्त हैं, लेकिन एक जिम्मेदार पद पर काबिज शख्स को न सिर्फ ईमानदार होना चाहिए, बल्कि ईमानदार दिखना भी चाहिए।'
सिन्हा और जेठमलानी की तारीफ करते हुए पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न ने कहा कि दोनों में देश का प्रधानमंत्री बनने की योग्यता है, लेकिन फिलहाल इसके लिए सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने रंजीत सिन्हा को सीबीआई का नया डायरेक्टर नियुक्त किए जाने के सरकारी फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा, सीबीआई जैसे अहम संगठन को नेतृत्व विहीन नहीं रखा जा सकता। नए डायरेक्टर की नियुक्ति में निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाई गई है। रंजीत सिन्हा इस पद के लिए एक वरिष्ठ और सक्षम अधिकारी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें