न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में नॉरस्टर तूफान. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 8 नवंबर 2012

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में नॉरस्टर तूफान.


अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में नॉरस्टर नाम का ज़बरदस्त तूफान आया है. इस तूफान के कारण यहां पर तेज़ हवाएं चलीं और हल्की बर्फ भी पड़ी. अमेरिका से प्राप्त ख़बरों में कहा गया है कि तूफान के कारण इन शहरों में बत्ती गुल हो गई और लोग अंधेरे में घिर गए. तूफान का प्रकोप इतना तेज़ था कि स्थानीय ट्रेन सेवाओं को भी रोक देना पड़ा. 

कुल मिलाकर तूफान नॉरस्टर के कारण लोगों की ज़िंदगी एक बार फिर परेशानियों से घिर गई. सैंडी नाम के चक्रवात से लोगों को ढेरों परेशानियों का सामना करना पड़ा था और वो लोगों की ज़िंदगी की रफ्तार थम गई थी. 

साधारण परिस्थितियों में इस तरह का तूफान और बर्फ न्यूयॉर्क के रहने वालों के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं थे लेकिन सैंडी के कारण आई विपदा से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि नॉरस्टर से उनकी ज़िंदगी को एक बार फिर पटरी से उतार दिया. लोग ठंड से परेशान हैं और उनके घरों में बिजली भी नहीं है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि न्यू यॉर्क में 55 से 65 मील प्रति घंटे तक की तेज़ हवाएं चल सकती हैं. यह भी आशंका जताई गई है कि तूफान का प्रभाव गुरुवार तक और बढ़ जाएगा. मौसम विभाग ने कहा है कि कम दबाव से तूफान मध्य अटलांटा के तटवर्ती इलाके से उत्तर की तरफ बढ़ रहा है. इससे बारिश और बर्फबारी हो रही है. हवा तट पर 60 मील प्रतिघंटे से चल रही है. न्यू इंग्लैंड में लगातार बर्फ गिरने से करीब 6-12 इंच की परत जम गई है.

मौसम विभाग ने आशंका जतायी है कि कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हिमपात भी हो सकता है. इसके साथ ही तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है. हालांकि इस तूफान के संबंध में कोई चेतावनी नहीं जारी की गयी है लेकिन लोगों को सलाह दी गयी है कि वे निचले इलाकों से परहेज़ करें. न्यूयॉर्क में इस तूफान को लेकर एहतियात बरता जा रहा है. ब्लूमबर्ग के अनुसार लोगों को भी खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहने को कहा गया है. विमानन कंपनियों ने न्यूयॉर्क की 770 उड़ानों को रद्द कर दिया है.

न्यू जर्सी में स्थानीय प्रशासन ने लोगों की सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है. इसके अलावा न्यू यॉर्क की नगर पुलिस ने निचले इलाकों का दौरा किया और लोगों को हिदायत दी कि वह अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं.  

कोई टिप्पणी नहीं: