अमेरिका के दूसरी बार प्रेजिडेंट चुने जाने पर बराक ओबामा ने अमेरिकियों को 'सुनहरे कल' के सपने दिखाते हुए कहा कि उनका बेहतरीन समय अभी आना बाकी है। उन्होंने वादा कि वह देश की बेहतरी के लिए विपक्षी दलों के साथ मिलकर काम करेंगे। शिकागो में विक्ट्री रैली में उन्होंने कड़ी टक्कर देने के लिए प्रतिद्वंद्वी मिट रोमनी की भी जमकर तारीफ की।
ओबामा ने कहा कि वह अगले कुछ दिनों में रोमनी से देश को आगे ले जाने के बारे में चर्चा करेंगे। विक्ट्री रैली में ओबामा पत्नी मिशेल और दोनों बेटियों मालिया और साशा के साथ मंच पर आए। उन्होंने मिशेल की चुनावों में उनका साथ देने के लिए दिल खोलकर तारीफ की और कहा कि उनकी कामयाबी के पीछे मिशेल का बड़ा हाथ है।
रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी मिट रोमनी के खिलाफ महीनों के कड़े धुआंधार चुनाव प्रचार अभियान के बाद भारी जीत हासिल करने वाले ओबामा ने कहा कि दोनों नेताओं को अपने देश से बेहद प्यार है और इसीलिए उन्होंने पूरी जान लगाकर चुनावी जंग लड़ी। इसके साथ ही उन्होंने कर्ज से दबे देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए मिलकर काम करने का वादा किया। अपने चुनाव प्रचार अभियान मुख्यालय में विक्ट्री स्पीच में ओबामा ने कहा, 'आने वाले हफ्तों में मुझे गवर्नर रोमनी के साथ मुलाकात का भी इंतजार रहेगा, जिसमें हम मिल बैठकर चर्चा करेंगे कि किस प्रकार एकजुट होकर देश को आगे ले जाया जा सकता है।'
51 वर्षीय ओबामा ने कहा, 'मैंने अभी-अभी गवर्नर रोमनी से बात की है और मैं उन्हें तथा पॉल रेयान को कड़े मुकाबले वाले चुनावी अभियान के लिए धन्यवाद देता हूं।' उन्होंने बुधवार तड़के हजारों उत्साही समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए यह बात कही। समर्थकों की खुशी से गूंजती आवाज बता रही थी कि वह कितने लोकप्रिय नेता हैं। ओबामा ने कहा, 'हो सकता है कि हमने भीषण चुनावी जंग लड़ी हो लेकिन यह केवल इसलिए कि हम देश को बहुत प्यार करते हैं और हम इसके भविष्य की इतनी अधिक चिंता करते हैं। जॉर्ज से लेकर लिनोर तक उनके बेटे मिट तक, रोमनी परिवार ने जनसेवा के जरिए अमेरिका के प्रति अपना आभार जताया है और यह वह परंपरा है जिसका हम सम्मान करते हैं।'
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें