छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की पुलिस ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के मददेड़ थाना क्षेत्र और चेरपल्ली क्षेत्र में पुलिस ने पांच नक्सलियों पोटाम शंकर (28), एरैया दिनेश (19) एरैया गणपत (19) पिन्नापल्ली राजेश (22) और गावड़ी नागैया (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल को अलग अलग स्थानों से गश्त के लिए रवाना किया गया था। गश्त के दौरान पुलिस को मददेड़ थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने मददेड़ क्षेत्र गौरारम गांव के जंगल से तीन नक्सलियों पोटाम शंकर, एरैया दिनेश और एरैया गणपत को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इसी तरह जिले के चेरपल्ली पुलिस पोस्ट से पुलिस दल रवाना किया गया था। पुलिस दल ने सिरकोटा गांव के जंगल से दो नक्सली पिन्नापल्ली राजेश और गावड़ी नागैया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गये नक्सली पिछले तीन वर्षों से नक्सलियों के संघम सदस्य और जनमिलिशिया के रूप में काम कर रहे थे और विभिन्न वारदातों में शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों ने मददेड़ थाना क्षेत्र में हत्या, हत्या का प्रयास और डकैती समेत कई अपराधों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें