फिल्म अदाकारा व पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान स्वर्गीय नवाब पटौदी की पत्नी शर्मीला टैगोर ने बीसीसीआई को पत्र के जरिए गुजारिश की थी कि आगामी भारत-इंग्लैंड सीरीज की ट्राफी को नवाब पटौदी के नाम पर रखा जाए लेकिन अब बीसीसीआई ने शर्मीला की गुजारिश को यह कह कर ठुकरा दिया है कि वह ऐसा नहीं कर सकते क्योंकि ट्राफी का नाम पहले से एंथनी डी मेलो के नाम पर रखा गया है।
बीसीसीआई सचिव संजय जगदाले ने कहा, 'भारत और इंग्लैंड के बीच भारत में होने वाली टेस्ट सीरीज 1951 से बीसीसीआई के पहले सचिव एंटनी डी मेलो ट्रोफी के लिए खेली जाती है। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए उनके नाम पर यह ट्रोफी शुरू की गई थी। मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने 2007 में इंग्लैंड-भारत सीरीज के लिए पटौदी ट्रोफी शुरू करने का प्रस्ताव रखा था लेकिन बीसीसीआई ने तभी साफ कर दिया था कि इस ट्रोफी को पहले ही एंटनी डी मेलो का नाम दिया गया है।'
गौरतलब है कि हाल ही शर्मिला टैगोर ने बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन को एक पत्र लिखा था। उन्होंने पत्र में सीरीज का नाम अपने दिवंगत पति मंसूर अली खान पटौदी के नाम पर रखने में बोर्ड की हिचक पर नाखुशी जताई थी। एमसीसी ने इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर के नाम पर 2007 में पटौदी ट्रोफ़ी देने का विचार पेश किया था, जिसे भविष्य की भारत-इंग्लैंड सीरीज के विजयी कप्तान को सौंपा जाना था।
वर्ष 1932 में भारत और इंग्लैंड के बीच पहली टेस्ट सीरीज के 75 बरस पूरे होने के जश्न के तौर पर यह विचार पेश किया गया था। लेकिन बीसीसीआई ने इस सुझाव को सिरे से ख़ारिज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही बीसीसीआई इस मसले पर औपचारिक बयान जारी करेगा।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें