भाकपा (माले) ने पटना में की परिवर्तन रैली - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 नवंबर 2012

भाकपा (माले) ने पटना में की परिवर्तन रैली

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी) ने शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना स्थित गांधी मैदान में परिवर्तन रैली की आयोजन किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि देश में परिवर्तन समय की मांग है और इसके लिए तीसरा विकल्प दिया जाएगा। रैली को सम्बोधित करते हुए भट्टाचार्य ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घोषणा की कि राज्य और केंद्र सकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विरुद्ध साम्यवादी और लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट कर तीसरा विकल्प दिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने कभी भी निरंकुश और तानाशाह सरकार को स्वीकार नहीं किया है। यहां के लोग न्याय पर विश्वास करने वाले हैं यहां के लोग लाठी और गोली की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने सतारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) की अधिकार रैली पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यह सरकार की कमजोरी का प्रदर्शन था, जिसे जनता ने नकार दिया है। भट्टाचार्य ने कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में जनसंहार होता था तो अब महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार होता है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयान देते हैं और दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के सहयोग से सरकार चलाते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अमेरिका की पिट्ठू बनी हुई है तो लालू प्रसाद 'सोनिया शरणं गच्छामि' का राग अलाप रहे हैं। ऐसे में आखिर जनता का क्या भला होगा। महंगाई चरम पर है, लेकिन कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता घपले करने में लगे हैं। रैली को पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विजयकांत ठाकुर सहित और कई नेताओं ने सम्बोधित किया।

कोई टिप्पणी नहीं: