बिहार के भोजपुर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते चार दिनों के दौरान 21 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि अपुष्ट खबरों के मुताबिक यह संख्या 31 तक पहुंच गई है। जिलाधिकारी प्रतिमा ने सोमवार को बताया कि भोजपुर के नवादा और नगर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 21 तक पहुंच गई है। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब पीने की वजह से कई और लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हुआ है, जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं अपुष्ट सूत्रों की माने तो सोमवार को चार और लोगों की मौत हुई है और मरने वालों की संख्या 31 तक पहुंच गई है। मृतकों की संख्या में वृद्धि के कारण शहर के अनाइठ मुसहर टोला, रेलवे स्टेशन और बिन्द टोली सहित कई मुहल्लों में मातम छा गया है। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने जिले में शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान 24 अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार हजारों लीटर शराब बहा दी गई है और शराब बनाने के उपकरण भी क्षतिग्रस्त किए गए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक एम़ आऱ नायक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें