मप्र में कांग्रेस ने विधानसभा का किया बहिष्कार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 10 दिसंबर 2012

मप्र में कांग्रेस ने विधानसभा का किया बहिष्कार


मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शिक्षक की पिटाई से स्कूली छात्र की मौत के मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने और पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग पूरी न होने पर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से बहिर्गमन किया। कांग्रेस के विधायक ने सरकार पर अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। विधानसभा में कांग्रेस के विधायक सुखदेव पांसे, आरिफ अकील और रामनिवास रावत ने सोमवार को विधानसभा में बैतूल के पाथखेड़ा के एक प्राथमिक विद्यालय के छात्र असलम की मौत का मामला उठाया। विधायकों का आरोप था कि उपचार में लापरवाही बरतने के साथ-साथ दोषी शिक्षकों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। 

पांसे ने कहा कि पांचवी के छात्र असलम को दो शिक्षकों ने 16 नवंबर 2012 को बाल्टी टूटने पर इतना पीटा कि उसकी रीढ़ की हडडी, गर्दन एवं में गंभीर चोट आई। असलम को नागपुर और बैतूल में इलाज किए जाने के बाद उपचार के लिए भोपाल लाया गया जहां चार दिसंबर को उसकी मौत हो गई।  गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने अपने जवाब में कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी तीन दिसंबर को हुई, उसके बाद असलम को उपचार के लिए भोपाल लाया गया, मगर उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने आरोपी दोनो शिक्षकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। 

कांग्रेस विधायकों की मांग थी कि आरोपी शिक्षकों पर हत्या का प्रकरण दर्ज करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को पांच लाख का मुआवजा दिया जाए। गृहमंत्री का जवाब था कि हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं किया जा सकता और पांच लाख रुपये के मुआवजे के लिए वे स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा करेंगे।  गृहमंत्री के जवाब पर कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने सरकार पर अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव बरतने का आरेाप लगाते हुए बहिर्गमन किया, बाद में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में सभी कांग्रेस विधायक बहिर्गमन कर गए।

कोई टिप्पणी नहीं: