बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह नहीं चाहती कि प्रोन्नति में आरक्षण सम्बंधी विधेयक पारित हो, इसलिए राज्यसभा की कार्यवाही बाधित कर रही है। मायावती ने सवाल किया कि भाजपा ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का मुद्दा लोकसभा में क्यों नहीं उठाया।
भारत के खुदरा बाजार में विदेशी साझेदारी का रास्ता खोलने के लिए वाल मार्ट की अमेरिका में पैरोकारी सम्बंधी खबरों पर हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मायावती पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। राज्यसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने भी प्रोन्नति में आरक्षण सम्बंधी विधेयक का विरोध करते हुए काफी शोर मचाया।
मायावती ने कहा, "आज इस विधेयक को आना था, लेकिन यह दुखद है कि इसे रोक दिया गया। भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने एफडीआई की पैरोकारी का मुद्दा उठा दिया।" ज्ञात हो कि यह विधेयक संविधान में संशोधन के लिए है। इसके पारित होने पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को नौकरियों में आरक्षण के आधार पर प्रोन्नति मिल सकेगी। यह विधेयक राज्यसभा की कार्यसूची में शामिल थी और इस पर सोमवार को चर्चा होनी थी।
मायावती ने सपा पर भाजपा के इशारे पर चलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जवाबदेही है कि वह इस विधेयक को पारित कराए।
1 टिप्पणी:
सामयिक सटीक आलेख...बहुत बहुत बधाई...
एक टिप्पणी भेजें