FDI पर विपक्ष का प्रस्ताव गिरा. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 5 दिसंबर 2012

FDI पर विपक्ष का प्रस्ताव गिरा.


लोकसभा में रिटेल में एफडीआई पर विपक्ष का प्रस्ताव 218 के मुकाबले 253 मत से गिरा। सरकार को जीत के लिए 236 वोट चाहिए थे। कुल 471 मत डाले गए। 70 सांसद वोटिंग के दौरान उपस्थित नहीं रहे। इसी के साथ सरकार ने रिटेल में एफडीआई पर लोकसभा में जीत दर्ज की। माना यह भी जा रहा है कि सरकार कम से कम 40 सांसदों के गैरहाजिर होने की उम्मीद कर रहे वहीं आज करीब 70 सांसद बाहर रहे जिससे सरकार को काफी बल मिला। इस सरकार के बेहतरीन फ्लोर मैनेजमेंट के रूप में देखा जा रहा है। 

इससे पहले स्पीकर ने ध्वनिमत से भी प्रस्ताव के समर्थन और विरोध में राय मांगी थी जिसके बाद प्रस्ताव गिरने का ऐलान किया गया था। विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज का यह प्रस्ताव बुधवार को सदन में गिरा घोषित किया गया। वहीं, तृणमूल सांसद सौगत रॉय का भी फेमा में संशोधन के खिलाफ प्रस्ताव आज गिर गया। इसके समर्थन में 224 मत पड़े वहीं 254 मत इसके खिलाफ डाले गए। कुल 471 सांसदों ने मतदान किया।

मल्टीब्रांड रिटेल में एफडीआई पर बुधवार को होने वाली वोटिंग के लिए राजनीतिक लामबंदी तेज की गई थी। सरकार इस अग्निपरीक्षा में पास हो गई क्योंकि सपा और बसपा के सांसद वोटिंग से पहले वॉकआउट कर गए। लोकसभा में बीएसपी सांसदों ने लोकसभा से वॉकआउट कर दिया था। बीएसपी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के प्रश्नों के जवाब देने की वजह से यह वॉकआउट किया। उनका कहना था कि मंत्री उनके प्रश्नों का कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने वॉकआउट करने के बाद मीडियाकर्मियों से  कहा कि रिटेल में एफडीआई किसानों और छोटे दुकानदारों का अपमान बताया। इसे ही वजह बताते हुए उन्होंने लोकसभा से अपनी पार्टी के समर्थकों के साथ वॉकआउट किया। सपा के लोकसभा में 22 सांसद और बसपा के 21 सांसद हैं। इससे बहुमत का आंकड़ा कम हो जाता है।

लोकसभा में वोटिंग से पहले समाजवादी पार्टी ने एनडीटीवी से बातचीत में पहली बार साफ किया था कि वह सरकार के पक्ष में वोट नहीं देगी। इसलिए उन्होंने वोटिंग से पहले वॉकआउट कर सरकार का साथ दिया। बुधवार की सुबह एनडीटीवी इंडिया के पॉलिटिकल एडिटर मनोरंजन भारती से बातचीत में समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने साफ कहा है कि सदन में वोटिंग के वक्त या तो वे सरकार के खिलाफ वोट देंगे या फिर सदन में मौजूद नहीं होंगे।

सरकार ने आज कहा कि वह समर्थन के लिए विभिन्न दलों से संपर्क बनाए हुए है। एफडीआई से किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों पर कुठाराघात नहीं होगा, बल्कि इससे उन्हें मदद ही मिलेगी। जनता दल (युनाइटेड) के नेता शरद यादव ने बुधवार को लोकसभा में सरकार से आग्रह किया कि उसे रिटेल में एफडीआई के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। यादव ने कहा कि यूपीए सरकार सदन में यह लड़ाई भले ही जीत सकती है, लेकिन इस नीति के दूरगामी परिणाम होंगे।

शरद यादव ने कहा, आप लड़ाई जीत सकते हैं... लेकिन भावी पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी। यादव ने केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल की ओर इशारा करते हुए कहा, आपको इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। शरद यादव ने कहा कि विपक्ष का इरादा सरकार को अस्थिर करने का नहीं है, बल्कि खुदरा में एफडीआई को वापस लेने का दबाव बनाने का है।

जेडीयू नेता ने कहा, यदि हम सरकार को अस्थिर करना चाहते, तो हम शीतकालीन सत्र के आरंभ में तृणमूल कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किए होते। अब उनके नेता हमसे बात नहीं कर रहे हैं। यादव ने कहा, हम देश को बचाने के लिए एफडीआई का विरोध कर रहे हैं... वालमार्ट यहां मुनाफे के लिए है। यह देश के गरीबों के खिलाफ है और आप इसे थोप रहे हैं। इससे पहले, मंगलवार को मल्टीब्रांड रिटेल में एफडीआई के फैसले को वापस लेने की जोरदार वकालत करते हुए समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव ने सरकार को आगाह किया कि यदि उसने कदम पीछे नहीं खींचे, तो उसे आगामी आम चुनाव में भारी नुकसान होगा और बीजेपी सत्ता में आ जाएगी।

मुलायम ने इसके साथ ही इस मसले पर सर्वदलीय बैठक बुलाकर देश के विकास के लिए ठोस ढांचा तैयार किए जाने की वकालत की। एफडीआई का कड़ा और स्पष्ट विरोध करते हुए मुलायम ने भावी चुनावी समीकरणों का संकेत देते हुए कहा कि वह या तो कांग्रेस को समर्थन देंगे या फिर समर्थन लेंगे।

मुलायम ने एफडीआई की पृष्ठभूमि में आगामी आम चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस को आगाह करते हुए कहा, चुनाव आ रहा है। ये (बीजेपी) चालाक लोग हैं। गांव-गांव में संघ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) फैला हुआ है। आपको (कांग्रेस) चुनाव की दृष्टि से भी कोई लाभ नहीं होगा। ये (बीजेपी) सत्ता में आ जाएगी। हम तो आने वाले नहीं हैं। हम तो सहयोग देंगे या लेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से एफडीआई के फैसले को कुछ समय के लिए टालने का आग्रह करते हुए कहा कि अगर फायदा मिलता दिखेगा, तो हम भी समर्थन कर देंगे, लेकिन अभी इसे छोड़ दीजिए।

कोई टिप्पणी नहीं: