झारखंड में नक्सलियों ने मंगलवार तड़के सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें कम से कम छह सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए और चार लापता हैं। झारखंड के पुलिस महानिदेशक जी.एस. रथ ने बताया, "छह लोग मारे गए..लापता लोग या तो घायल हैं या उनकी मौत हो गई है।" उन्होंने बताया कि रांची से लगभग 110 किलोमीटर दूर लातेहार जिले के अमुआटीकर गांव के निकट नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों के गश्तीदल पर घात लगाकर हमला किया।
रथ ने कहा, "नक्सलियों के हमले के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई, जो पांच घंटों से अधिक समय तक चली। इस दौरान 15 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।" शहीद हुए जवानों में से चार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के थे। सोमवार रात मौसम खराब होने के कारण घायलों को ले जाने के लिए हेलीकॉप्टरों को घटनास्थल पर उतारा नहीं जा सका। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शहीद हुए अन्य दो सुरक्षाकर्मी कौन थे।
मंगलवार को अतिरिक्त बलों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने कुछ घायलों को बचाया और दो शव बरामद किए। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों ने गोलीबारी कर आसानी से सुरक्षा बलों को निशाना बना लिया। उल्लेखनीय है कि झारखंड के 24 जिलों में से 18 में नक्सली सक्रिय हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें